संसू, सारस न्यूज़, किशनगंज।
भारत का 73वां गणतंत्र दिवस बुधवार 26 जनवरी को सिलीगुड़ी व आसपास में जगह-जगह धूमधाम से मनाया गया। मल्लागुड़ी स्थित सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट मैदान में पुलिस कमिश्नर गौरव शर्मा ने राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। उन्होंने पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों के परेड की सलामी ली। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट शहर की सुरक्षा को लेकर हमेशा चौकस रहा है। शहर में जाम की समस्या न हो इसके लिए सिलीगुड़ी ट्रैफिक पुलिस की ओर से समय-समय पर हमेशा ही उपयुक्त कदम उठाए जाते रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने को लेकर बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया है तथा रिकार्ड नशीले पदार्थों को जब्त करने का कार्य किया गया है। यह सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की एक बड़ी उपलब्धि रही है। उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ हमारा अभियान आगे भी चलता रहेगा, क्योंकि पुलिस शहर के आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पुलिस बल की विभिन्न इकाइयों ने एक से बढ़कर एक झांकी प्रस्तुत कर सामाजिक समानता व सजगता का संदेश दिया। इसमें सिलीगुड़ी महिला थाना की ओर से महिला पुलिस बल की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। सिलीगुड़ी महिला थाना प्रभारी मुमताज बेगम के संयोजन में महिला पुलिस बल ने अपनी झांकी द्वारा महिलाओं की आन-बान-शान को दर्शाया। इसके साथ ही समाज में महिला सुरक्षा व बाल सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की रक्षा के प्रति जागरूकता संदेश भी दिया।