सारस न्यूज टीम, सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, समूह केंद्र सिलीगुड़ी को सर्वश्रेष्ठ सीआरपीएफ समूह केंद्र का पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समूह केंद्र केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सिलीगुड़ी के डीआईजी अनिल कुमार को जम्मू और कश्मीर में प्रदान किया। समूह केंद्र सीआरपीएफ सिलीगुड़ी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को ‘सीआरपीएफ’ ने अपना 83वीं वर्षगांठ मनाया। इस अवसर पर केंद्रीय रूप से आयोजित मुख्य समारोह का आयोजन ग्रुप केंद्र , केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, बनतालाब, जम्मू में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विशिष्ट अतिथि के रुप में मनोज कुमार सिन्हा, उप राज्यपाल जम्मू कश्मीर एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ० जितेंद्र सिंह, सांसद जम्मू तथा भारत सरकार के उच्च पदस्थ अधिकारीगण शामिल हुए।
अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 19 मार्च 1950 को सीआरपीएफ को राष्ट्रपति का ध्वज प्रदान किया था। इस दिन के महत्व को देखते हुए 19 मार्च को सीआरपीएफ की वर्षगांठ के रूप में मनाया जा रहा है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की नींव मूलत: क्रॉउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस के नाम से 27 जुलाई 1939 को मध्यप्रदेश के नीमच में रखी गई थी। उस समय सिर्फ एक बटालियन से प्रारंभ हुआ था। पर आज यह बल विश्व का सबसे बड़ा अर्धसैनिक बल के रूप में विकसित हो चुका है, जिसमें – कोबरा, आरएएफ, पीडीजी, वीआइपी, सिक्योरिटी, एनडीआरएफ, महिला बटालियन जैसे कई सारे विशेषज्ञता प्राप्त संस्थान शामिल होकर इसे एक महान बल के रूप में स्थापित किया है।