Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिहार चुनाव: दूसरे चरण में जोरदार वोटिंग, शाम तक एग्जिट पोल्स के अनुमान आएंगे।

सारस न्यूज, वेब डेस्क।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मंगलवार को वोटिंग जोरों पर है। दोपहर 3 बजे तक करीब 60 फीसदी मतदान हो चुका है, और रुझानों से अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि इस बार पहले चरण की रिकॉर्ड वोटिंग का आंकड़ा भी पीछे छूट सकता है।

मतदान खत्म होने के बाद सभी की निगाहें अब एग्जिट पोल्स पर टिकी हैं, जो मतदान समाप्त होते ही जारी किए जाएंगे। असली नतीजे 14 नवंबर को आएंगे, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल्स यह संकेत देंगे कि जनता का रुझान किस ओर गया है।

इस बार मुकाबला तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर चुनाव लड़ रहे एनडीए के बीच कड़ा माना जा रहा है। दोनों ही गठबंधन जीत का दावा कर रहे हैं।

चुनाव में इस बार एक खास बात यह भी रही कि राज्य में एक करोड़ से अधिक नए मतदाता जुड़े हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह चर्चा गर्म है कि इन नए वोटर्स ने किसके पक्ष में मतदान किया है। वहीं, इस बार महिलाओं की बढ़ी हुई भागीदारी भी चुनावी नतीजों में अहम भूमिका निभा सकती है।

जैसे-जैसे मतदान शाम 6 बजे तक पूरा होगा, वैसे-वैसे एग्जिट पोल्स के अनुमान सामने आने शुरू हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *