Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

डबल मर्डर केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार।

सारस न्यूज़, अररिया।

भरगामा थाना क्षेत्र के नवटोल धनेश्वरी गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्या कांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों में गुड्डू यादव, विष्णुदेव यादव और इन्द्र कुमार शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार थानाध्यक्ष-प्रभारी राजेश कुमार की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने रविवार देर रात छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। पूछताछ पूरी होने के बाद सोमवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर गांव में खूनी संघर्ष हुआ था। इस दौरान डिपो कर्मी जयकुमार यादव को गोली मारकर हत्या कर दी गई, वहीं नयन यादव को उनके घर में जिंदा जला दिया गया। इस डबल मर्डर ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

धनेश्वरी डबल मर्डर: दोनों पक्षों ने दर्ज कराई अलग-अलग FIR

नवटोल धनेश्वरी में हुए दोहरे हत्या कांड को लेकर भरगामा थाने में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पहली FIR नयन यादव की पत्नी हबिया देवी के आवेदन पर दर्ज हुई है (कांड संख्या 306/2025)। इसमें पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव समेत 22 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। साथ ही 10–15 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी ठहराया गया है। इसमें मृतक जयकुमार यादव के पिता विष्णुदेव यादव, उनकी मां तेतरी देवी, तीन भाई, नवीन यादव, भवेश यादव और संतोष यादव तक का नाम शामिल है।

दूसरी FIR पंचायत समिति सदस्य गुड्डू यादव के बयान पर दर्ज की गई (कांड संख्या 307/2025)। इसमें नयन यादव के पुत्र सौरभ यादव पर जयकुमार यादव को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इसमें सौरभ सहित पांच नामजद और 5–7 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। नयन यादव के तीन दामादों के नाम भी इसमें शामिल हैं।

मामले की जांच स्वयं थानाध्यक्ष राजेश कुमार कर रहे हैं। बता दें कि इस विवाद में एक तरफ जयकुमार यादव की गोली मारकर हत्या की गई थी, वहीं दूसरी ओर नयन यादव को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *