Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

फारबिसगंज थाना पहुंचे एसपी अंजनी कुमार, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया भव्य स्वागत — कांडों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश।

सारस न्यूज़, अररिया।


रविवार को अररिया के पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने आदर्श थाना फारबिसगंज का निरीक्षण किया। उनके थाना परिसर पहुंचते ही मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद एसपी ने थाना परिसर का गहन निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी अंजनी कुमार ने मालखाना कक्ष, सिरिस्ता कक्ष, अनुसंधान कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष, थानाध्यक्ष कार्यालय, शौचालय एवं अन्य हिस्सों की विस्तार से जांच की। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों की स्थिति और कार्यप्रणाली की गहराई से समीक्षा की।

निरीक्षण उपरांत एसपी ने थाना में रखे महत्वपूर्ण पंजियों जैसे स्टेशन डायरी, मालखाना पंजी, गुंडा पंजी, गिरोह पंजी, तख्ती और डोसियर की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही उन्होंने लंबित कांडों की स्थिति को लेकर थाना में पदस्थापित कनीय पुलिस पदाधिकारियों और अनुसंधानकर्ताओं के साथ एक समीक्षा बैठक की।

बैठक में एसपी ने एक-एक पदाधिकारी से उनके पास लंबित कांडों की जानकारी ली। उन्होंने यह जानना चाहा कि अब तक किन मामलों में क्या कार्रवाई हुई, कितने मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई और किन कांडों का निष्पादन किया जा चुका है। साथ ही जिन मामलों में अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, उसके कारणों की भी विस्तार से पड़ताल की।

एसपी ने सभी अनुसंधानकर्ताओं को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें और फरार आरोपियों एवं वारंटियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने, रात्रि गश्त को सघन करने और वाहन चेकिंग को नियमित रूप से जारी रखने के सख्त निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह, अनि राजनंदनी सिंहा, अरविंद कुमार सिंह, राजा बाबू पासवान, शैलेन्द्र कुमार सहित थाना के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *