Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अररिया जिले के भूमपोखर में घर से दो सौ मीटर दूरी पर मिला 24 वर्षीय विवाहिता का शव।

सारस न्यूज, अररिया।

कुआड़ी ओपी क्षेत्र के भुमपोखर वार्ड संख्या 14 में गुरुवार की सुबह लगभग एक विवाहिता का शव बरामद होने के कारण सनसनी फैल गयी। घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर 24 वर्षीय विवाहिता ममता देवी उर्फ डोली देवी पति हरेंद्र पासवान का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी कुर्साकांटा थाना को दी गयी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विमल कुमार मंडल व कुआड़ी ओपी अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह सदलबल घटना स्थल पर पहुंच कर जरूरी तहकीकात में जुट गये। जानकारी मुताबिक बीते बुधवार की रात उनका पूरा परिवार खाना खाने के बाद सो रहे थे। पीड़ित पति हरेंद्र पासवान ने बताया कि सुबह चार बजे के करीब मृतका की तीन वर्षीय पुत्री मायरा कुमारी रोने लगी। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर पति ने पत्नी को बच्चे को देखने को कहा। लेकिन पत्नी ममता देवी बिछावन से गायब थी इसकी जानकारी तुरंत ससुर महानंद पासवान व साला बलराम पासवान को दी गयी। सभी खोजबीन में जुट गये। खोजबीन के क्रम में मृतका का शव घर से महज दो सौ मीटर की दूरी पर पुआल से ढका मिला। तो मृतका का चप्पल वहीं बगल में पड़ा मिला। इधर मृतका का शव मिलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी। मृतका के परिजन घटना की जांच की मांग पर अड़े थे। स्थानीय प्रशासन ने वरीय पदाधिकारी से स्क्वाड डॉग की मांग की। जिससे कुछ ही देर में एसएसबी 52 वीं अररिया से स्क्वाड डॉग की टीम घटना स्थल पहुंचकर तफ्तीश में जुट गयी। मृतका के शव से महज दो फिट का दूरी पर एक इलेक्ट्रिक वायर, मंगलसूत्र पड़े मिलने की जानकारी है। हालांकि मृतका का मोबाइल बरामद नहीं हो सका है। इधर स्थानीय प्रशासन शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

फोटो- घटनास्थल पर लोगों की भीड़, जांच में जुटे एसएसबी अधिकारी

लगभग तीन साल पहले हुई थी शादी

परिजनों से मिली जानकारी अनुसार मृतका की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व तेलहरा थाना क्षेत्र के नालंदा दनियांवा निवासी हरेंद्र पासवान पिता सुरेंद्र पासवान से हुई थी। जिससे ढाई साल की एक पुत्री मायरा कुमारी है। दशहरा पर्व पर मृतका अपने पति बच्चों के साथ मायके भूमपोखर वार्ड संख्या 14 आई थी। जहां से पति कुछ दिन रहने के बाद घर चला गया। मृतका के पति ने बताया कि बीते कुछ दिन पहले ही वे ससुराल आए थे. जहां से पत्नी व बच्चे को लेकर अपना घर जाना था। लेकिन बच्ची का तबियत खराब होने के कारण रुक गये थे। घटना स्थल पर सब यही कहते रहे कि मृतका काफी मिलनसार व सुखी दांपत्य जीवन जी रही थी। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मृतका का पति भी काफी अच्छे स्वभाव के हैं। हालांकि मृतका के पति को आवश्यक पूछताछ के लिए कुआड़ी ओपी पुलिस अपने साथ ले गई है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया वीणा देवी, सरपंच पूजा देवी, पूर्व मुखिया फूलचंद पासवान सहित काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचकर घटना पर दुख व्यक्त किया.

कहते हैं ओपी अध्यक्ष

ओपी अध्यक्ष कुआड़ी रौशन कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेजा गया है। वहीं मृतका के मोबाइल नंबर को सर्विलांस में रखा गया है। मौत का कारण को लेकर बताया कि अभी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। लेकिन तफ्तीश जारी है, शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।

फोटो: परिजन के गोद में मायरा

मां के आक्समिक निधन से सदमें में है मायरा

कुआड़ी पंचायत के भूमपोखर वार्ड संख्या 14 में गुरुवार की अहले सुबह 24 वर्षीय विवाहिता का घर से महज कुछ ही दूरी पर शव मिलने की खबर प्रखंड क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई। जिससे देखते ही देखते घटना स्थल पर प्रतिकूल मौसम के बीच भी लोगों की भीड़ लगी रही। इन सबके बीच सभी की निगाहें उस मासूम ढाई वर्षीय मायरा पर टिकी थी। जिसे यह भी पता नहीं दुनियां की हर मुसीबत, बुरी आंखों से बचाकर अपनी आंचल की छांव में रखने वाली मां अब कभी नहीं आयेगी। मायरा हमेशा अपने पिता के पास जाने की जिद्द करती रही। महज यह इत्तफाक ही होगा कि गुरुवार की अहले सुबह जब मायरा को भूख लगी तो मां का दूध तक नसीब नहीं हो सका। क्योंकि तबतक उसकी मां को किसी ने दुनियां से रुखस्त कर दिया था। घटना स्थल पर जमा भीड़ यही कहती रही कि आखिर इस बच्ची का क्या कसूर जो भगवान इसे ऐसी सजा दी। जब मां की जरूरत थी तो मां ही दुनियां से चल बसी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *