Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

फारबिसगंज पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई, दो टॉप टेन अपराधी गिरफ्तार।

सारस न्यूज़, अररिया।


अररिया जिला पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के दो कुख्यात टॉप टेन अपराधियों को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। फारबिसगंज थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दोनों वांछित अपराधियों को दबोचा गया, जो कई लूट और डकैती मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।

गिरफ्तार अपराधियों के नाम और ठिकाने

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में पहला नाम मो. सरफराज (पिता: मो. कासिम, निवासी: टप्पू टोला वार्ड संख्या-11, थाना: जोगबनी) का है, जबकि दूसरा अपराधी आशीष पासवान (पिता: प्रमोद पासवान, निवासी: ईदगाह नव टोलिया वार्ड संख्या-12, थाना: ढोलबज्जा, फारबिसगंज) है।

प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ ने दी जानकारी

सोमवार को फारबिसगंज थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर यह छापेमारी की गई। फारबिसगंज पुलिस ने एसटीएफ के साथ समन्वय बनाकर मो. सरफराज को उसके घर से गिरफ्तार किया। वह 28 फरवरी को शहर के मार्केटिंग यार्ड में दो थोक किराना व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों में हुई डकैती का मास्टरमाइंड था।

मो. सरफराज पहले फारबिसगंज के एक व्यापारी के यहां काम करता था और वहीं से उसने दोनों दुकानों पर नजर रखनी शुरू की। रेकी करने के बाद उसने अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में पहले भी तीन आरोपियों को देशी पिस्तौल व 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था।

अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार

अब तक इस डकैती कांड में कुल 9 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें से कई को रानीगंज, सिमराहा और नरपतगंज थाना पुलिस ने हथियारों और लूट की रकम के साथ पकड़ा था।

मो. सरफराज पर दर्ज मामलों की सूची

  • फारबिसगंज थाना: कांड संख्या 113/25
  • फुलकाहा थाना: कांड संख्या 169/24 व 178/24
  • नरपतगंज थाना: कांड संख्या 442/24 व 573/24

आशीष पासवान भी लूटकांड में सक्रिय

वहीं, पुलिस ने एक अन्य छापेमारी में कुख्यात अपराधी आशीष पासवान को कॉलेज चौक के पास से गिरफ्तार किया। वह रंगदाहा मुसहरी इलाके में हथियार के बल पर लूट की कोशिश में शामिल था। उसके एक साथी को पहले ही अवैध देशी पिस्तौल व गोली के साथ पकड़ा जा चुका था।

आशीष पासवान पर भी कई मामले दर्ज

  • फारबिसगंज थाना: कांड संख्या 495/20, 898/20, 954/20, 140/25
  • सिमराहा थाना: कांड संख्या 489/20, 958/20, 916/23

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस संयुक्त छापेमारी में फारबिसगंज थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह, अपर थानाध्यक्ष अनि आदित्य किरण, राजनंदनी सिंहा, अमित राज, सअनि दीपक कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *