Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महिला संवाद बना सशक्त मंच, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी से महिलाएँ हो रहीं सशक्त।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।


किशनगंज जिले में 18 अप्रैल से शुरू हुए महिला संवाद कार्यक्रम में अब तक 22,311 आकांक्षाएँ दर्ज की जा चुकी हैं। महिला संवाद मोबाइल ऐप के माध्यम से इन आकांक्षाओं को कार्यक्रम में दर्ज किया जा रहा है। दर्ज आकांक्षाओं को सरकार के संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को स्थानांतरित किया जा रहा है, ताकि इन पर आगे कार्य निष्पादन किया जा सके। महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएँ उत्साह से भाग ले रही हैं, अपनी बातें साझा कर रही हैं और अपनी आकांक्षाएँ दर्ज करा रही हैं। यह कार्यक्रम टोला और गाँव समाज के विकास के लिए उपयोगी सिद्ध हो रहा है। महिलाओं की भागीदारी संवाद कार्यक्रम को उद्देश्यपूर्ण बना रही है। आत्मविश्वास से भरी महिलाएँ इस संवाद कार्यक्रम को विकासोन्मुख बना रही हैं।

अब तक 830 ग्राम संगठनों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है, जिसमें डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं ने भाग लिया है। लाखों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी महिला संवाद कार्यक्रम को प्रभावी बना रही है। चरणबद्ध तरीके से यह कार्यक्रम 1,262 ग्राम संगठनों में आयोजित किया जाना है। किशनगंज जिले के सभी सात प्रखंडों में, दोनों पालियों—सुबह और शाम में—महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार को बीस ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

महिला संवाद कार्यक्रम में बहादुरगंज प्रखंड की झिलझिली पंचायत की निखत परवीन ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे खेती और पशुपालन का कार्य करती हैं। माही जीविका स्वयं सहायता समूह से एक रुपये की ब्याज दर पर ऋण लेकर उन्होंने इस कार्य में तरक्की की है। दूध और फसल की बिक्री से अच्छी कमाई हो जाती है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़कर महिलाएँ आगे बढ़ रही हैं। अब उन्हें स्वरोजगार के लिए ऋण लेने हेतु किसी महाजन पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

महिला संवाद कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जागरूकता वाहन के माध्यम से वीडियो फिल्म दिखाकर महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। योजनाओं से संबंधित जानकारी युक्त लीफलेट भी उनके बीच वितरित किए जा रहे हैं, जिनमें महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई है। महिला संवाद कार्यक्रम, महिलाओं के लिए विचार, सुझाव और आकांक्षा व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *