Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

महिला संवाद: महिलाओं की आकांक्षाओं को दे रहा नया मंच।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएँ मिलकर अपने जीवन और परिवेश की समस्याओं और उनके निदान पर बात कर रही हैं। संवाद के ज़रिए, देश की पौराणिक गहरी लोकतांत्रिक जड़ों को मजबूत कर रही हैं। महिला संवाद कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में महत्त्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रहा है। आत्मविश्वास से भरी महिलाएँ अपने जीवन, परिवेश को बेहतर बनाने के लिए नए सुझाव, आकांक्षाएँ व्यक्त कर रही हैं। रचनात्मक भूमिका निभा रही हैं। उनका जीवन, अनुभव और समाज से जुड़ी समस्याओं पर पैनी नज़र, आने वाले समय में इस दिशा में गुणात्मक परिवर्तन के लिए उत्प्रेरक की भूमिका निभा रही है।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाएँ अबाध रूप से बिजली आपूर्ति से जुड़ी आकांक्षा व्यक्त कर रही हैं। टेढ़ागाछ प्रखंड के झाला पंचायत की ममता देवी गाँव में निर्बाध बिजली आपूर्ति की बात कहती हैं। महिला संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गाँव–घर में बिजली की आपूर्ति बढ़ने से बच्चों की पढ़ाई–लिखाई, खेती–बाड़ी सब में सहूलियत होगी। हमारा जीवन ज़्यादा सुविधाजनक हो सकेगा। गाँव में विकास की गति तेज़ होगी। वहीं, हवाकौल पंचायत के शक्ति ग्राम संगठन की सुनीता देवी ने महिला संवाद कार्यक्रम में रतुआ नदी में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या और उससे जुड़ी दिक्कतों के बारे में अपने अनुभव साझा किया। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान की आकांक्षा व्यक्त की।

महिला संवाद कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा स्थानीय एवं नीतिगत आकांक्षाएँ व्यक्त की जा रही हैं। उनके द्वारा व्यक्त आकांक्षाओं को सूचीबद्ध किया जा रहा है। इन नीतिगत आकांक्षाओं के आधार पर आने वाले समय में सरकार द्वारा योजनाएँ तैयार की जाएँगी। महिलाओं के सशक्तिकरण से ही हमारा समाज समृद्ध हो सकता है। सरकार द्वारा महिलाओं के सामाजिक–आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई सारी योजनाएँ चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा जा सकता है।

महिला संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य गाँव–गाँव तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुँचाना, साथ ही महिलाओं के अनुभवों और आकांक्षाओं को सुनना और सूचीबद्ध करना है। सरकार द्वारा क्रियान्वित योजनाओं को जन–जन तक पहुँचाना एवं समुदाय की आकांक्षाओं के अनुरूप समाधान किया जाना है। महिला संवाद कार्यक्रम में वीडियो फ़िल्म के माध्यम से महिलाएँ सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रही हैं। किशनगंज ज़िले में प्रत्येक दिन ग्राम संगठन में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *