राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज: बिहार की राजधानी पटना से आई वाणिज्य कर विभाग की अन्वेषण ब्यूरो टीम ने किशनगंज शहर में हड़कंप मचा दिया। कर चोरी और अवैध इंट्री पर लगाम लगाने के उद्देश्य से विभाग ने शहर के बस स्टैंड और विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया।

टीम द्वारा बस स्टैंड पर खड़े और सड़कों से गुजरने वाले व्यावसायिक वाहनों को रोककर उनके ई-वे बिल और संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई उन व्यापारियों और परिवहन संचालकों के खिलाफ है जो कर चोरी कर सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे हैं।

वाणिज्य कर विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय कारोबारियों और वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि, विभाग की ओर से इस छापेमारी में हुई बरामदगी या किसी प्रकार के जुर्माने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
