• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सबका सम्मान–जीवन आसान’ योजना को प्रभावी बनाने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित।

सारस न्यूज, किशनगंज।
बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी रूप से लागू करने को लेकर शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की।

बैठक में जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत स्तरीय पदाधिकारी तथा सभी थानों के थानाध्यक्ष (SHO) उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन—सोमवार और शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही आगंतुक पंजी एवं शिकायत पंजी का नियमित संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य होगी। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारी को सूचित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित हों तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आम लोगों से मिलेंगे। निर्देशों की अवहेलना या अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ योजना का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन को सरल और सुगम बनाना है। इसके तहत सभी थानों में सोमवार एवं शुक्रवार को अनिवार्य उपस्थिति, आगंतुक पंजी का संधारण तथा बैठने और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं आगंतुकों से शालीनता व संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि थानाध्यक्ष की अनुपस्थिति में सहायक थानाध्यक्ष अथवा अधिकृत पदाधिकारी की उपस्थिति अनिवार्य होगी। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या टाल-मटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता (आपदा), अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण), सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *