राहुल कुमा, सारस न्यूज, किशनगंज।
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज के तत्वावधान में आज जिला पदाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष विशाल राज के निर्देशानुसार गोद लिए गए टीबी मरीजों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 100 टीबी मरीजों को कंबल प्रदान किए गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी सह रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष विशाल राज ने कहा कि “टीबी मरीजों की देखभाल केवल चिकित्सीय उपचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें सामाजिक एवं मानवीय सहयोग देना भी आवश्यक है। रेड क्रॉस सोसायटी के माध्यम से जरूरतमंद टीबी मरीजों को हर संभव सहायता दी जाती रहेगी।”
रेड क्रॉस सोसायटी के सचिव मिक्की साहा ने बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज द्वारा लगातार जरूरतमंद लोगों को चिन्हित कर ठंड के मौसम में कंबल वितरण एवं अन्य सेवा कार्य किए जा रहे हैं, जो आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
कंबल वितरण कार्यक्रम में सिविल सर्जन राज कुमार चौधरी, जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम, डॉ. अनवर हुसैन, डीएस, डीपीएम, हॉस्पिटल मैनेजर सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं रेड क्रॉस सोसायटी के सदस्य उपस्थित रहे।
