• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गणतंत्र दिवस से पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू को धमकी, शिमला में सुरक्षा अलर्ट।

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को गणतंत्र दिवस से पहले जान से मारने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बुधवार को एक ई-मेल के जरिए चेतावनी दी गई कि यदि मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वजारोहण समारोह में शामिल होते हैं, तो उन पर आत्मघाती हमले की कोशिश की जा सकती है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह धमकी शिमला स्थित उपायुक्त कार्यालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई थी। संदेश में दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री को एक “ह्यूमन बॉम्ब” के जरिए निशाना बनाया जाएगा। मामले की पुष्टि करते हुए शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि ई-मेल प्राप्त होते ही उसे तुरंत पुलिस को भेज दिया गया, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

शिकायत के आधार पर शिमला सदर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह ई-मेल एक अनजान और गुमनाम अकाउंट से भेजा गया था।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि साइबर विशेषज्ञों की टीम को ई-मेल की तकनीकी जांच में लगाया गया है। डिजिटल साक्ष्यों के जरिए संदेश के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द से जल्द चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

हालांकि, शुरुआती जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि धमकी भरा ई-मेल संभवतः लोगों में डर और अफवाह फैलाने के उद्देश्य से भेजा गया हो सकता है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं।

शिमला के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि इस तरह की धमकी भरी ई-मेल हाल के दिनों में भी विभिन्न अधिकारियों और संस्थानों के नाम से मिलती रही हैं। उन्होंने कहा कि सभी मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और लगातार निगरानी की जा रही है।

गणतंत्र दिवस में अब केवल चार दिन शेष हैं, ऐसे में राज्य भर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हर स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *