राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा को लेकर किशनगंज के बाजारों और गली-मोहल्लों में जबरदस्त उत्साह और रौनक देखने को मिल रही है। कल यानी शुक्रवार को होने वाली पूजा के लिए आज माँ सरस्वती के पूजा पंडाल पूरी तरह सज-धज कर तैयार हो गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भव्य पंडालों की सजावट और लाइटिंग देखते ही बन रही है।
बाजारों में उमड़ी भारी भीड़
गुरुवार को पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बाजारों में उमड़ पड़ी। शहर के मुख्य बाजारों सहित ग्रामीण इलाकों में मूर्ति, पुष्प, माला, अगरबत्ती, दीप, फल-मिठाई और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खासा चहल-पहल रही। खासकर बच्चों और युवाओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। दुकानदारों के अनुसार, इस बार कारोबार में अच्छी बढ़ोतरी हुई है और महंगाई का असर खरीदारी पर बिल्कुल नहीं दिखा।
पंडालों में जोर-शोर से तैयारी
पूजा समितियों द्वारा पंडालों को अंतिम रूप दे दिया गया। आज दिन भर पंडालों में सजावट का काम चलता रहा और देर शाम तक माँ सरस्वती के स्वागत के लिए पंडाल पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। मूर्तिकारों के यहाँ प्रतिमा लेने के लिए पूजा आयोजकों की भीड़ देखी गई। भक्त ‘जय माँ सरस्वती’ के जयकारे लगाते हुए प्रतिमाओं को पंडालों तक ले जाते दिखे।
प्रशासनिक सतर्कता
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पूजा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।
