सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: शुक्रवार को 8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सुबलजोत में कमांडेंट मितुल कुमार के मार्गदर्शन में समस्त समवाय क्षेत्रों में राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन, रैली तथा देशभक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। यह कार्यक्रम समस्त सीमा चौकियों के क्षेत्रों में राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जनसमुदाय, विशेषकर छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को वंदे मातरम गीत के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देशभक्ति की भावना से प्रेरित करना है। इस मौके पर टिंगलिंग कैंप प्रभारी इंस्पेक्टर प्रलय राय, विकास शर्मा, सेल्फ हेल्प ग्रुप की चेयरमैन रंजना राय, दीपक खवास, संजू प्रधान, बिमल रामुदामु समेत अन्य एसएसबी जवान और ग्रामीण मौजूद थे।
इसके बाद पशुपति फाटक एवं टिंगलिंग कैंप प्रभारी द्वारा पशुपति फाटक तथा टिंगलिंग गांव के ग्रामीणों और सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सेल्फ हेल्प ग्रुप के सदस्यों को वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत अपने उत्पाद जैसे डेयरी उत्पाद, सब्जी, फल, मुर्गी पालन, मछली पालन तथा अन्य खाद्य उत्पादों का उत्पादन शुरू करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि सीमा चौकियों द्वारा उनके उत्पाद खरीदे जा सकें और सीमावर्ती गांवों में लोगों को स्वरोजगार मिले तथा उनका जीवन स्तर सुदृढ़ बन सके।
