विजय गुप्ता, सारस न्यूज, गलगलिया।
गलगलिया बाजार स्थित शिव काली मंदिर में माँ काली की प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर मंगलवार को पूरे विधि-विधान और गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भातगांव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बृजमोहन सिंह के नेतृत्व व संरक्षण में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन ने पूरे गलगलिया क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।

कलश यात्रा की शुरुआत माता काली मंदिर प्रांगण से हुई, जहां सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वस्त्रों में सज-धजकर कलश लेकर मंदिर प्रांगण से भातगांव सीमा सड़क होते हुए मेची नदी पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घाट पूजा संपन्न कर सभी कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं का कारवां पुनः उसी मार्ग से काली मंदिर परिसर पहुंचा, जहां विधिवत स्थापना के बाद दरभंगा से आए मुख्य पुरोहित श्री अशोक झा शास्त्री सहित पुरोहित श्री रामप्रवेश झा, श्री अरविंद झा, श्री शशि ठाकुर एवं श्री अमित झा द्वारा तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया गया। वहीं देर शाम तक विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना होती रही।

कलश यात्रा में शामिल मुखिया प्रतिनिधि बृजमोहन सिंह ने बताया कि प्रार्थना और पूजा से आम जनता में एकजुटता की भावना आती है तथा सद्भाव और भक्ति का भाव बढ़ता है। वहीं कलश यात्रा में किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए गलगलिया पुलिस मुस्तैद रही। थानाध्यक्ष राकेश कुमार स्वयं चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए थे।
आयोजन को सफल बनाने में महावीर राय, जय झा, मो. आरिफ, रामनिवास राय उर्फ लोलो, मुरारी सहनी, लालू राम सहित कई अन्य कार्यकर्ता जुटे रहे।
