• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

छात्रों से अवैध शुल्क वसूली पर प्रधानाध्यापक निलंबित, विद्यालयी व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन की कड़ी कार्रवाई।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिला प्रशासन को छात्रों की ओर से प्राप्त शिकायत के आधार पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), किशनगंज द्वारा उच्च विद्यालय चकलाघाट का औचक निरीक्षण कराया गया। जांच के दौरान छात्रों ने बताया कि विद्यालय में प्रवेश पत्र देने के नाम पर ₹20 तथा मैट्रिक परीक्षा प्रपत्र भरवाने के नाम पर ₹1110 की राशि उनसे ली गई, जबकि इसकी कोई रसीद उन्हें नहीं दी गई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी, किशनगंज ने स्पष्ट किया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा शुल्क के समय शिक्षण संस्थान द्वारा केवल ₹30 तक की राशि ही ली जा सकती है, जिसका उपयोग प्रवेश पत्र डाउनलोड कर छात्रों को उपलब्ध कराने हेतु किया जाना है। इसके बावजूद अधिक राशि वसूलना सरकारी सेवक के आचरण नियमों का उल्लंघन है तथा इससे विद्यालय की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी की अनुशंसा पर श्री संजय कुमार यादव, प्रधानाध्यापक, उच्च विद्यालय चकलाघाट, प्रखंड–किशनगंज को छात्रों से अवैध रूप से शुल्क लेने, नियमों की अवहेलना करने एवं विद्यालय की छवि धूमिल करने के आरोप में बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत निलंबित कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, बहादुरगंज निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आरोप पत्र शीघ्र निर्गत किया जाएगा।

जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय के वरीय शिक्षक को प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में नामित कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें तथा विभागीय प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *