• Sat. Feb 14th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सात निश्चय–3 के तहत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को धरातल पर उतारने के लिए डीएम ने सुनी आम जनता की शिकायतें।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को वे अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों को अपनी शिकायतें रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही आगंतुक पंजी का नियमित संधारण कर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए।

इसके अलावा प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आने वाले लोगों की संख्या की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचना देनी होगी।

डीएम ने स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी भी परिस्थिति में असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी उपस्थित न हों, तो अधिकृत अधिकारी उनकी जगह लोगों से मिलकर समस्याएं सुनेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभालने वाले अधिकारी सोमवार और शुक्रवार को सभी कार्यालयों में समय निर्धारित कर उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों की अनदेखी या अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *