• Wed. Feb 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज की शान बनीं पलक सिंह, नेशनल डिफेंस एकेडमी में आर्मी ऑफिसर बनने को लेकर अनुशंसित होकर क्षेत्र का नाम किया रोशन।

सारस न्यूज, किशनगंज।

देश सेवा का दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और अटूट अनुशासन- इन्हीं मूल्यों के बल पर किशनगंज जिले के ठाकुरगंज नगर की बेटी पलक सिंह ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (एनडीए) की कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एसएसबी व मेडिकल परीक्षण उत्तीर्ण करते हुए एनडीए-2 में अनुशंसा हासिल की है। प्रयागराज बोर्ड से हाल ही में मिली इस अनुशंसा के साथ पलक ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।ठाकुरगंज शहर के भीमबालिश मोहल्ला निवासी एवं पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी विमल सिंह की दो पुत्रियों में छोटी पलक ने बचपन से ही सेना में जाकर देश की सेवा करने का सपना संजोया था। निरंतर अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास के सहारे उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। पलक का चयन एनडीए के लिए हुआ है और वे आगे चलकर भारतीय सेना में क्लास-वन आर्मी ऑफिसर के रूप में देश सेवा करेंगी।पलक की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उतनी ही प्रेरक हैं। उन्होंने ताराचंद धानुका एकेडमी, ठाकुरगंज से दसवीं की परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि प्लस टू प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, ठाकुरगंज से बारहवीं में 90 प्रतिशत अंक हासिल किए। विद्यालय के निदेशक राजदीप धानुका के अनुसार पलक पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास में सदैव अग्रणी रहीं। हाई स्कूल से इंटरमीडिएट तक उन्होंने लगातार टॉप रैंक में स्थान पाया, जिससे अन्य छात्रों को प्रेरणा मिली।पलक की माता सुनीता देवी बताती हैं कि बचपन से ही उनके मन में देश सेवा की भावना प्रबल थी। वे देर रात तक अध्ययन करती थीं और कई बार परिवार को उन्हें विश्राम की याद दिलानी पड़ती थी। बारहवीं की पढ़ाई के दौरान एनडीए की तैयारी के लिए पलक को ठाकुरगंज से लगभग एक हजार किलोमीटर दूर लखनऊ भेजा गया, जहां उन्होंने कठोर परिश्रम के साथ तैयारी की। लिखित परीक्षा में सफलता के बाद उन्होंने एसएसबी इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया।अंतिम मेधा सूची के अनुसार पलक अब तीन वर्षों का प्रशिक्षण खड़गवासला, पुणे स्थित एनडीए में और अंतिम वर्ष इंडियन मिलिट्री एकेडमी, देहरादून में पूरा करेंगी। पासिंग आउट परेड के उपरांत वे भारतीय सेना में रैंक वन सेना अधिकारी बनकर देश सेवा करेंगी। पलक की सफलता में उनके पिता विमल सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने हर कदम पर बेटी का मार्गदर्शन किया और उसके सपनों को साकार करने में कोई कमी नहीं छोड़ी।ताराचंद धानुका एकेडमी के चेयरमैन ताराचंद धानुका ने कहा कि पलक सिंह की उपलब्धि पूरे किशनगंज जिले की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से यह संदेश जाता है कि सही दिशा, निरंतर मेहनत और परिवार के सहयोग से बेटियां भी हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकती हैं। पलक की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पूर्व मुख्य पार्षद देवकी प्रसाद अग्रवाल व प्रमोद कुमार चौधरी, सूर्या ग्रुप के सीईओ दिलीप कुमार चौधरी, टीसीसीए अध्यक्ष कन्हैया लाल महतो सहित अनेक शिक्षाविदों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने पलक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *