राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले में उत्पाद विभाग द्वारा मद्यनिषेध अधिनियम के तहत लगातार शराब तस्करों और शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक मुकेश कुमार दास अपने दलबल के साथ किशनगंज जिले के गलगलिया चेक पोस्ट पर सघन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रही एक पिकअप वैन को रोका गया और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पिकअप वैन से लदी 292.500 लीटर बीयर बरामद करते हुए दो तस्करों — मोहम्मद आदिल और अभिषेक कुमार — को गिरफ्तार किया गया, साथ ही पिकअप वैन को भी जब्त कर लिया गया।
उत्पाद निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि बंगाल से पिकअप वैन में शराब लोड कर ये लोग दरभंगा जा रहे थे। इसी दौरान गलगलिया चेक पोस्ट पर जांच के दौरान टीम ने इन्हें धर दबोचा। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं गिरफ्तार दोनों तस्करों का मद्यनिषेध अधिनियम के तहत सदर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच कराकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
