सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की कानूनी मुश्किलें फिलहाल कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को अदालत में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी थी, लेकिन वकीलों की पेन डाउन हड़ताल के कारण कोर्ट की कार्यवाही ठप रही। नतीजतन, उनकी जमानत से जुड़ी फाइल अदालत में खुल ही नहीं सकी और फैसला एक बार फिर टल गया। अब उनकी जमानत पर अगली सुनवाई मंगलवार को होने की संभावना जताई जा रही है।गिरफ्तारी के बाद से ही पप्पू यादव की स्थिति असमंजस में बनी हुई है। वे अस्पताल और अदालत के बीच लगातार आवाजाही में फंसे हुए हैं। शनिवार सुबह उन्हें पटना स्थित आईजीआईएमएस से पीएमसीएच शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निगरानी रखे हुए है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान उन्हें चोट आई थी, जिसके बाद सिर में तेज दर्द और दिल की धड़कन बढ़ने जैसी शिकायत सामने आई। बेहतर इलाज और निगरानी के लिए ही उन्हें पीएमसीएच रेफर किया गया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह के अनुसार सांसद के कई मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।इधर, पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने बिहार की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं और कई जिलों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। आरा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला जलाए जाने की भी खबर सामने आई है। माहौल पूरी तरह से राजनीतिक गर्मी में तब्दील हो चुका है।गौरतलब है कि पटना पुलिस ने पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे उनके आवास से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई 31 साल पुराने एक मामले में जारी वारंट के आधार पर की गई थी। गिरफ्तारी के बाद से ही इस कदम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने बयान जारी कर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं से जुड़े मामलों में सरकारें अक्सर आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं और पप्पू यादव की गिरफ्तारी भी उसी राजनीति का हिस्सा है।वहीं, दूसरी ओर बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए नेताओं ने इस पूरे मामले को कानून के दायरे में बताया है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कानून सबके लिए समान है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं हो सकता। मंत्री श्रवण कुमार ने भी स्पष्ट किया कि पुलिस ने पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है।फिलहाल, अदालत में पेन डाउन हड़ताल के चलते पप्पू यादव की जमानत पर फैसला टल गया है और अब सबकी नजरें मंगलवार की सुनवाई पर टिकी हुई हैं।
