सारस न्यूज़, किशनगंज।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के जिले में सुचारू और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय नोडल अधिकारी सह निदेशक, जनगणना कार्य एवं नागरिक निबंधन, पटना श्री एम. रामचंदुडु (भा.प्र.से.-2009) ने की। बैठक में जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज सहित कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न विभागों के जिला एवं अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में 11 विभागों की कुल 36 योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनका नोडल विभाग कृषि विभाग है। इसके साथ कृषि विज्ञान केंद्र, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी, सहकारिता, जल संसाधन, भूमि संसाधन, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं कौशल विकास विभाग भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। योजना की प्रगति और प्रभाव का आकलन नीति आयोग द्वारा निर्धारित 73 प्रदर्शन संकेतकों के आधार पर किया जाएगा, जिसके अनुसार जिलों की रैंकिंग तय होगी।

केंद्रीय नोडल अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसानों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाए। इसके लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर शिविरों के माध्यम से किसानों से सुझाव प्राप्त कर कार्यक्रम तय करने पर बल दिया गया। साथ ही जिले में योजना के क्रियान्वयन से संबंधित प्राप्त सुझावों एवं शिकायतों को संकलित कर उन्हें कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि योजना का लाभ अधिकतम किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
