सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा के नक्सलबाड़ी में सरकारी सड़क पर कब्जा कर सीमा दीवार निर्माण करने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि नक्सलबाड़ी के मनीराम ग्राम पंचायत अंतर्गत नेहालजोत आंगनवाड़ी केंद्र तक जाने वाली सरकारी सड़क पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से सीमा दीवार का निर्माण किया गया है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मनीराम ग्राम पंचायत को दी। सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत प्रधान गौतम घोष मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रधान और सीमा दीवार निर्माण कर रहे व्यक्ति के बीच बहस शुरू हो गई, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया।
इस संबंध में सीमा दीवार निर्माण करा रहे चित्रा कामी नामक व्यक्ति का दावा है कि उसने अपनी ही जमीन पर ईंट की दीवार का निर्माण किया है। वहीं मनीराम ग्राम पंचायत प्रधान गौतम घोष ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर पुलिस और ब्लॉक प्रशासन में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी और सड़क पर सीमा दीवार निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
