सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी ब्लॉक अंतर्गत बिन्नाबाड़ी पंचायत के आरीभिट्ठा इलाके में लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान के लिए नए बॉक्स ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। बुधवार को सिलीगुड़ी महकमा परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष किशोरी मोहन सिंह ने पुराने जर्जर सस्पेंशन ब्रिज की जगह आधुनिक और मजबूत पुल निर्माण के लिए शिलान्यास किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों में खुशी और राहत का माहौल देखा गया।
इस संबंध में किशोरी मोहन सिंह ने बताया कि एसआरडी फंड से करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से 41 मीटर लंबा बॉक्स ब्रिज बनाया जाएगा। इस पुल में कुल 12 बॉक्स होंगे, जिनमें प्रत्येक की लंबाई 3 मीटर होगी। सड़क की चौड़ाई करीब 25 फीट होने के कारण छोटे-बड़े सभी वाहन आसानी से आवागमन कर सकेंगे, जिससे दोनों गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा।
फिलहाल टूटे हुए सस्पेंशन ब्रिज के कारण हरिविता इलाके के लोगों को लगभग आठ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। इससे खासकर छात्रों, मरीजों और किसानों को भारी परेशानी होती है। नया पुल बनने के बाद स्कूल, अस्पताल और पंचायत कार्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा। साथ ही, बिन्नाबाड़ी पंचायत एक कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण कृषि उत्पादों के परिवहन में भी तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि ममता सरकार बातों से ज्यादा काम पर विश्वास करती है और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से विकास कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
