सारस न्यूज़, अररिया।
विश्व प्रसिद्ध मां खड्गेश्वरी महाकाली सह बाबा खड्गेश्वरनाथ शिव मंदिर में आगामी रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है और जिले के नामचीन भजन कलाकारों द्वारा रात भर भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।
मां खड्गेश्वरी महाकाली के साधक नानु बाबा ने बताया कि महाशिवरात्रि की रात बाबा खड्गेश्वरनाथ का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके साथ ही जागरण कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालु पूरी रात भजन-कीर्तन में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि पर बाबा की चार प्रहर पूजा की जाएगी, जिसमें पहला पूजन रात 10 बजे कच्चे दूध से, दूसरा रात 12 बजे दही से, तीसरा रात 2 बजे शुद्ध घी से और चौथा पूजन सुबह 4 बजे मधु से संपन्न होगा। इसके बाद आरती और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
नानु बाबा ने बताया कि इस अवसर पर काली मंदिर को भी आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार दूध, दही, घी और मधु आदि सामग्री अर्पित करेंगे। भक्तजन पूजा सामग्री के साथ अपना नाम लिखकर संकल्प देते हैं, जिसके अनुसार बाबा खड्गेश्वरनाथ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है।
