सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला उद्योग केंद्र, किशनगंज में उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्री विशाल राज ने की।
संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थित उद्यमियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों के लिए सकारात्मक और सहयोगी माहौल तैयार करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है, ताकि स्थानीय युवाओं के लिए अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।
बैठक में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन, स्वरोजगार योजनाओं का लाभ, बैंक ऋण उपलब्धता, कौशल प्रशिक्षण, भूमि आवंटन, आधारभूत ढांचे के विकास और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा जिले के कई उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
