सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन फांसीदेवा के काशीराम जोत इलाके में सुसाइड नोट लिखने के बाद एक व्यवसायी ने तीस्ता कैनाल में छलांग लगा दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मनोज डालमिया (48) के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के मिलनपल्ली का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक ने पहले सुसाइड नोट लिखा और उसके बाद तीस्ता कैनाल में कूद गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर फांसीदेवा थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। परिवार के सदस्य भी वहां पहुंचे, जहां मृतक की बहन ने उसकी शिनाख्त की।

प्रशासन की पहल पर व्यवसायी के शव की तलाश के लिए तीस्ता कैनाल के सभी लॉक गेट बंद कर दिए गए हैं। पुलिस ने मृतक की स्कूटी से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते उसने यह कदम उठाया।
पूरे मामले की जांच फांसीदेवा थाने की पुलिस ने शुरू कर दी है। इस संबंध में दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने बताया कि मृतक की स्कूटी से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक ने पहले सुसाइड नोट लिखा और उसके बाद कैनाल में छलांग लगा दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार परिवार में अनबन चल रही थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
समाचार लिखे जाने तक आपदा प्रबंधन टीम द्वारा शव की तलाश जारी है।
