सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन नक्सलबाड़ी थाना और खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र में चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर चोरी का सामान बरामद कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान माटीगाड़ा निवासी कुख्यात अपराधी दीपक दास उर्फ खेपा तथा पड़ोसी राज्य बिहार के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज क्षेत्र निवासी रंगलाल बनिक (50) के रूप में हुई है। इसकी जानकारी सोमवार को दार्जिलिंग जिले के ग्रामीण एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि नक्सलबाड़ी निवासी बिस्वजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नक्सलबाड़ी थाना क्षेत्र में उनके घर की अलमारी तोड़कर 1 लाख 70 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण चोरी कर लिए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि आरोपित एक ग्रुप में स्कूटी से आए और आभूषण चोरी कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने रविवार देर रात माटीगाड़ा थाने की मदद से मुख्य आरोपित दीपक दास उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक लाख रुपये नकद, छह जोड़ी चूड़ियां और एक स्कूटी बरामद की गई है।
दूसरी ओर, खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र में बागडोगरा थाना अंतर्गत हंसकुआ निवासी परबिश मिंज ने शिकायत दर्ज कराई कि कुछ लोगों ने टोटो में यात्री बनकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया और टोटो लूट लिया। शिकायत मिलते ही खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में बिहार निवासी रंगलाल बनिक को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटा गया टोटो भी बरामद कर लिया गया है।
परबिश मिंज ने बताया कि हंसकुआ मोड़ से टिटलीगुड़ी जाने के लिए टोटो आरक्षित किया गया था। वहां पहुंचने के बाद आरोपितों ने उसे सॉफ्ट ड्रिंक (स्प्राइट) दी, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गया। उसी दिन उसके रिश्तेदारों ने उसे बचाकर घोषपुकुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक दिन बाद उसे छुट्टी दे दी गई। होश में आने पर उसने पाया कि आरोपित उसे खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के सतीश चंद्र चाय बागान इलाके में छोड़कर फरार हो गए थे।
सोमवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। एसडीपीओ सौम्याजीत राय ने बताया कि दोनों मामलों की गहन जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
