राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) के कड़े निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ जारी सघन तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की है।
चेक पोस्ट पर घेराबंदी और बरामदगी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार (16.02.2026) को कोचाधामन थाना अंतर्गत चारघरिया चेक पोस्ट पर पुलिस द्वारा वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक सफेद रंग की XUV 500 (रजिस्ट्रेशन नंबर – BR01PG6164) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस द्वारा रोके जाने पर चालक घबरा गया। जब उससे गाड़ी में लदे सामान के बारे में पूछताछ की गई, तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और वाहन को खाली बताया। हालांकि, संदेह होने पर जब पुलिस बल ने वाहन की गहन तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर से 404 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
तीन तस्करों पर कसा शिकंजा
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया, जो शराब की इस बड़ी खेप को ठिकाने लगाने की फिराक में थे। पुलिस ने शराब के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही लग्जरी कार को भी जब्त कर लिया है।
कानूनी कार्रवाई
इस मामले को लेकर कोचाधामन थाना में कांड संख्या – 88/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अब तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है, ताकि मुख्य सरगना तक पहुँचा जा सके।
