• Tue. Feb 17th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

27 फरवरी के बाद आ सकती हैं आशा लकड़ा, सुनेंगी आदिवासियों की समस्याएं।

सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।

नक्सलबाड़ी: भाजपा नेत्री एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा फांसीदेवा आ रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह 27 फरवरी के बाद किसी भी दिन पहुंच सकती हैं।

बताया गया है कि फांसीदेवा थाना क्षेत्र के झमकलाल जोत निवासी सुरु मुंडा के पास घर सहित लगभग दो बीघा जमीन है। इस जमीन पर भू-माफियाओं की नजर पड़ गई। आरोप है कि बीते 23 दिसंबर को घर में केवल महिलाओं को पाकर कुछ लोग वहां पहुंचे और जमीन खाली करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट भी की गई।

इस दौरान सुरु मुंडा की बहू, सात माह की गर्भवती रोशनी उरांव को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद 7 जनवरी को उन्हें फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। 8 जनवरी को उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन 11 जनवरी को नवजात की मृत्यु हो गई।

इसके बाद आदिवासी जनजाति सुरक्षा मंच ने पूरे मामले की जानकारी एनसीएसटी सदस्य डॉ. आशा लकड़ा को पत्र के माध्यम से दी।

इसी सिलसिले में डॉ. आशा लकड़ा पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगी और आदिवासी समुदाय की विभिन्न समस्याएं सुनेंगी। इसके बाद वह अपनी विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *