• Thu. Apr 9th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस में युवती से दुष्कर्म का आरोप, टीटीई पर 10 हजार का इनाम।

ByHasrat

Feb 18, 2026

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

गोरखपुर/देवरिया: अहमदाबाद–गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में 22 वर्षीय युवती से दुष्कर्म का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि टिकट न होने का डर दिखाकर टीटीई राहुल कुमार ने उसे केबिन में ले जाकर दुष्कर्म किया। मामले के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में किराए के कमरे में रहकर सेना भर्ती की तैयारी कर रही है। वह एनसीसी की छात्रा है और ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने गाजीपुर गई थी। परीक्षा देकर लौटते समय वह ट्रेन में सवार हुई। आरोप है कि टिकट जांच के दौरान टीटीई ने बिना टिकट होने पर कार्रवाई की धमकी दी और सीट दिलाने का आश्वासन देकर उसे एसी प्रथम श्रेणी के केबिन में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

घटना के बाद युवती ने जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल उसका बयान दर्ज किया और मेडिकल परीक्षण देवरिया मेडिकल कॉलेज में कराया। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे एसपी लक्ष्मीनिवास मिश्र ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है तथा उसके खिलाफ 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी बिहार के पटना जिले के समसारा गांव का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस टीम पटना सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, हालांकि अभी तक वह गिरफ्त से बाहर है।

रेलवे प्रशासन ने आरोपी टीटीई को निलंबित कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने ट्रेनों में यात्रियों, खासकर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *