सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले के ठाकुरगंज प्रखंड में जीविका द्वारा आयोजित रोजगार सह स्वरोजगार मेला युवाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित हुआ। स्थानीय क्लब मैदान में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, किशनगंज अनुराधा चंद्रा ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपने घर के नजदीक ही रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर मिलते हैं, जिससे उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता कम होती है। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने और इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने की सलाह दी।

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत आयोजित इस मेले में कुल 619 युवाओं ने नौकरी के लिए पंजीकरण कराया। चयनित अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया हेतु सूचीबद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त 82 युवाओं ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया।

मेले में निजी और सरकारी क्षेत्रों की कुल 13 कंपनियों ने भागीदारी की। इसमें नवभारत फर्टिलाइजर कंपनी, एलआईसी, कृषि एवं अन्य क्षेत्रों से जुड़ी संस्थाओं ने युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। साथ ही डॉन बॉस्को सहित विभिन्न परियोजना कार्यान्वयन एजेंसियों ने भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण की जानकारी दी गई। सिलाई, नर्सिंग, होटल मैनेजमेंट, इलेक्ट्रिशियन, सेल्स, कंप्यूटर एवं सॉफ्ट स्किल जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। इन संस्थानों में रहने और खाने की भी निःशुल्क व्यवस्था रहती है। योजना के अंतर्गत महिला, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ठाकुरगंज अहमर अब्दाली ने जीविका के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को इस अवसर का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। आरसेटी निदेशक सुजीत कुमार और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवधेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में जीविका के प्रखंड प्रबंधक अमरेश अंशुमान ने उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया तथा सभी अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मेले में जीविका के कर्मियों एवं संकुल स्तरीय संघ की लीडर दीदियों की सक्रिय सहभागिता रही।
