सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।
दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने पिकअप वैन में भैंस तस्करी की साजिश को नाकाम करते हुए दस भैंसों को जब्त किया है। इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद अफजल और नजरुल अंसारी के रूप में हुई है। दोनों नक्सलबाड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने खोरीबाड़ी के थानझोड़ा चाय बागान इलाके से 10 भैंसों के साथ दो पिकअप वैन जब्त की हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि भैंसों को बिहार से असम तस्करी करने की योजना थी, लेकिन इससे पहले ही उन्हें जब्त कर लिया गया। वाहन चालकों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने भैंसों को खोहाड़ (पशु आश्रय) भेज दिया और दोनों पिकअप वैन को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों को शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
