सारस न्यूज, किशनगंज।
किशनगंज जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, बेहतर समन्वय और आसूचना तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से NCORD की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की।
बैठक में मादक पदार्थों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने आसूचना के आदान–प्रदान, स्मगलिंग के प्रमुख रूट और तरीकों, जिले में प्रचलित मादक पदार्थों के प्रकार, स्मगलरों से संबंधित सूचनाओं तथा नशामुक्ति केंद्रों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही जब्ती प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, आपसी समन्वय और रिकवरी रिपोर्ट पर भी विचार–विमर्श किया गया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विगत एक वर्ष की विस्तृत रिकवरी रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने इंटेलिजेंस कलेक्शन को सुदृढ़ करने पर जोर देते हुए शहरी क्षेत्रों सहित विभिन्न स्तरों पर व्हाट्सएप ग्रुप एवं अन्य माध्यमों से समन्वय बढ़ाने और इसके लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने की आवश्यकता बताई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त इनपुट साझा करने से कार्रवाई की प्रभावशीलता में वृद्धि होगी। बैठक में गांजा और केमिकल ड्रग्स (सुखा नशा) से जुड़े मामलों, किशनगंज तक पहुंचने वाले रूट, अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग, इंटेलिजेंस आधारित कार्रवाई तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डिजिटल माध्यमों से समन्वय जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी भी बैठक में शामिल हुए।
