सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: दार्जिलिंग जिला पुलिस के अधीन खोरीबाड़ी थाना की पानीटंकी चौकी की पुलिस कम मात्रा में भी ब्राउन शुगर के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सक्रिय है। इसी क्रम में रविवार को मादक पदार्थ के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों की पहचान पड़ोसी देश नेपाल के बिर्तामोड़ थाना क्षेत्र के चाराली चौक निवासी मोहन सुंदास तथा नेपाल के तापलेजुंग जिले के वार्ड नंबर 4 निवासी नईमा छोटेन शेरपा के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पानीटंकी स्थित हारीबस्ती बुरीहाट इलाके में दोनों आरोपितों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 31 ग्राम ब्राउन शुगर और 7,000 नेपाली मुद्रा बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर खोरीबाड़ी थाना ले जाया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सोमवार को दोनों आरोपितों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
इस मौके पर खोरीबाड़ी थाना प्रभारी मंतोष सरकार, पानीटंकी चौकी प्रभारी अमृत लबर समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।
