सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसे हालात और बढ़ते तनाव को देखते हुए बिहार सरकार ने प्रवासी बिहारियों की सुरक्षा और सहायता के लिए विशेष पहल की है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग द्वारा एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, ताकि विदेशों में रह रहे बिहारियों और उनके परिजनों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।
सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 721 778 8114 है। इस नंबर पर कॉल कर प्रवासी बिहारी तथा उनके परिवार के सदस्य किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या समस्या के समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को ध्यान में रखते हुए यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है। सरकार का उद्देश्य है कि संकट की स्थिति में किसी भी प्रवासी बिहारी को असहाय महसूस न करना पड़े और उन्हें त्वरित मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग मिल सके।
राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि सभी कॉल्स पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित केंद्रीय एजेंसियों एवं भारतीय दूतावासों से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।
सरकार ने प्रवासी बिहारियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की परेशानी की स्थिति में सीधे हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
