सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: भारत-नेपाल सीमा और खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के पानीटंकी स्थित गौरसिंह जोत में सड़क दुर्घटना में एक नाबालिग की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम बर्मन (17) के रूप में हुई है। वह खोरीबाड़ी थाना क्षेत्र के बांचाभिट्ठा इलाके का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर होली के दिन एक टोटो पानीटंकी से नक्सलबाड़ी जा रहा था, जबकि नक्सलबाड़ी से एक बाइक पर सवार तीन लोग खोरीबाड़ी की ओर जा रहे थे। उसी दौरान पानीटंकी स्थित गौरसिंह जोत इलाके में बाइक अनियंत्रित होकर टोटो से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइक सवार और टोटो चालक सड़क पर गिर गए। सूचना मिलते ही खोरीबाड़ी थाना और पानीटंकी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बरामद कर नक्सलबाड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया।
बाद में डॉक्टरों ने बाइक पर सवार नाबालिग प्रेम बर्मन को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य लोगों को गंभीर हालत में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर टोटो चालक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
