चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गलगलिया में बड़ी कार्रवाई, 305 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, आरोपी फरार।

विवेक चौधरी, सारस न्यूज़, गलगलिया।

ठाकुरगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगलेश सिंह के नेतृत्व में शनिवार को गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। इस संयुक्त अभियान में सशस्त्र सीमा बल की 41वीं बटालियन भातगांव बीओपी की विशेष गश्ती टीम और गलगलिया पुलिस स्टेशन की पुलिस शामिल रही।

कार्रवाई गलगलिया वार्ड संख्या 6 स्थित दरभंगिया टोला में श्रवण सहनी के घर पर की गई, जहां तलाशी के दौरान 305 ग्राम ब्राउन शुगर और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की गई। पुलिस और एसएसबी की टीम के पहुंचते ही आरोपी श्रवण सहनी मौके से फरार हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि बरामद नशीले पदार्थ की कीमत काफी अधिक आंकी जा रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। इस अभियान में गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार सहित 41वीं वाहिनी भातगांव के जवान मौजूद रहे।

एसडीपीओ मंगलेश सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में लगातार अभियान चलाकर मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *