सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
सिलीगुड़ी महकमा के नक्सलबाड़ी अंचल तृणमूल कांग्रेस की ओर से रविवार को नक्सलबाड़ी के बस स्टैंड में मांस-मछली चावल भोजन का आयोजन किया गया। इस मौके पर नक्सलबाड़ी अंचल तृणमूल कांग्रेस के विश्वजीत घोष समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। इस संबंध में विश्वजीत घोष ने बताया कि दिल्ली और बिहार में बहुत बंगाली लोग रहते हैं। भाजपा सरकार मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाना चाहती है। इसलिए आज नक्सलबाड़ी अंचल तृणमूल कांग्रेस की ओर से मछली चावल भोजन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा भाजपा की सरकार मांस-मछली के विरोधी सरकार है। वहीं इस संबंध में माटीगाड़ा -नक्सलबाड़ी के भाजपा विधायक आनंदमय बर्मन ने बताया कि भाजपा सरकार मांस-मछली की विरोधी सरकार नहीं है। जबकि स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए पड़ोसी राज्य बिहार के राज्य सरकार ने खुले में मांस-मछली की बिक्री पर सख्त रुख अपनाया है और खुले में मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाई है। लेकिन तृणमूल कांग्रेस भाजपा का झूठा आरोप लगाकर जनता को बेवकूफ बना रही है और भड़का रही है, ताकि तृणमूल कांग्रेस को वोट मिलें। लेकिन जनता इस बार तृणमूल कांग्रेस के भड़काने से भड़कने वाली नहीं है। जनता सबकुछ कुछ जान रही है और समझ रही है।
