• Wed. Mar 18th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सनकी पति ने धारदार हथियार से की पत्नी की हत्या, आरोपी फरार।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड के गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भातगांव पंचायत के वार्ड नंबर 16 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने के बाद पति मोहम्मद आलम ने कथित तौर पर तेज धारदार हथियार से अपनी पत्नी जोहरा खातून के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण जोहरा खातून की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद आलम की शादी जोहरा खातून से गुलशन बिठा में हुई थी। दंपति के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन लड़के और एक लड़की शामिल हैं। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की बात भी सामने आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार सुबह करीब 9 बजे गलगलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। गलगलिया थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *