सारस न्यूज़, किशनगंज।
जिले में एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर फैल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। इस संबंध में समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता के दौरान डीएम ने जानकारी दी कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में 6500 से अधिक गैस सिलेंडर स्टॉक में मौजूद हैं, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में गैस बुकिंग के लिए 25 दिनों का अंतराल तय किया गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन रखी गई है।
जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एक कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है, जहां गैस से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक कार्यरत रहता है। इसके लिए 06454-225152 नंबर जारी किया गया है।
प्रशासन के अनुसार, अब तक गैस आपूर्ति से जुड़ी कुल दो शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिन्हें तत्काल निपटा दिया गया है। जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस की उपलब्धता को लेकर अनावश्यक चिंता न करें।
