• Thu. Mar 19th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में LPG आपूर्ति पूरी तरह दुरुस्त, प्रशासन ने अफवाहों से सतर्क रहने की दी सलाह।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। इस संबंध में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आयोजित प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी दिलीप कुमार सिंह एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि किशनगंज जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में 8000 से अधिक गैस सिलेंडर सुरक्षित रूप से मौजूद हैं, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि गैस वितरण प्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए बुकिंग की समय-सीमा तय की गई है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों के बाद और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद ही नई बुकिंग की जा सकती है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

जनता की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो शिफ्टों में कार्य कर रहा है। एलपीजी से संबंधित समस्याओं के लिए लोग 06456-225152 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक प्राप्त सभी शिकायतों का समाधान समय पर कर दिया गया है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क करें। जिले में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *