सारस न्यूज़, किशनगंज।
आगामी त्योहारों ईद-उल-फितर और रामनवमी के मद्देनज़र ठाकुरगंज में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से आज अपराह्न 3 बजे ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, ईद-उल-फितर का पर्व 20 या 21 मार्च को मनाए जाने की संभावना है, जबकि रामनवमी 26 या 27 मार्च को पड़ रही है। इन दोनों बड़े पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, विभिन्न समुदायों के प्रमुख लोगों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। साथ ही पुलिस एवं प्रशासन के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जो सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश साझा करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान आपसी समन्वय को मजबूत करना और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति से निपटने के लिए रणनीति तैयार करना है। लोगों से अपील की गई है कि वे बैठक में शामिल होकर अपने सुझाव दें, ताकि त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
