• Thu. Mar 19th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

हॉस्पिटल रोड पर दहशत, कंप्यूटर क्लास जा रही छात्रा पर अज्ञात युवक का जानलेवा हमला।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, हॉस्पिटल रोड पर आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कंप्यूटर क्लास जा रही एक युवती पर एक अज्ञात युवक ने पीछे से हमला कर दिया। इस अचानक हुए वार से युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी, जबकि हमलावर मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, युवती मोतीबाग इलाके की रहने वाली है और डे-मार्केट स्थित एक संस्थान में कंप्यूटर की पढ़ाई करने जा रही थी। पीड़िता ने बताया, “हम लोग रोज की तरह क्लास जा रहे थे, तभी अचानक पीछे से एक अनजान व्यक्ति आया और बिना कुछ कहे मेरे माथे पर किसी भारी चीज से जोर से वार कर दिया।” प्रहार इतना तेज था कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला और वह वहीं जमीन पर गिर गई।

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर युवती के पीछे ही चल रहा था। अचानक उसने वार किया और गलियों का फायदा उठाकर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह तब तक ओझल हो चुका था।

वारदात के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवती को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। युवती की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

इस घटना ने छात्र-छात्राओं और राहगीरों के बीच असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *