• Thu. Mar 19th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में चैत्र नवरात्रि की धूम, विधि-विधान से हुई कलश स्थापना, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व का आज जिले भर में हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। मंगलवार की सुबह शुभ मुहूर्त में शहर के विभिन्न शक्तिपीठों और दुर्गा मंदिरों में पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। इसके साथ ही नौ दिनों तक चलने वाली मां दुर्गा की विशेष उपासना का अनुष्ठान शुरू हो गया है।

किशनगंज शहर के प्रमुख दुर्गा मंदिरों में तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हाथों में पूजा की थाली, चुनरी और नारियल लिए भक्त कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। पूरा शहर ‘जय माता दी’ के जयकारों और शंख की ध्वनि से गुंजायमान रहा।

शहर के बड़ी कोठी दुर्गा मंदिर, माधव नगर दुर्गा मंदिर, उत्तर पाली दुर्गा मंदिर और अन्य प्रसिद्ध पूजा पंडालों में आकर्षक सजावट की गई है। कलश स्थापना के साथ ही प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना के साथ माता के चरणों में शीश नवाया।

भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने विशेष इंतजाम किए हैं। जगह-जगह स्वयंसेवक तैनात हैं ताकि भक्तों को दर्शन में असुविधा न हो। वहीं, जिला प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *