राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज जिले के बहादुरगंज क्षेत्र अंतर्गत सताल इस्तमरार गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शुक्रवार की देर रात आई भीषण आंधी के दौरान वार्ड नंबर 16 स्थित सताल इस्तमरार गांव में एक विशाल आम का पेड़ घर पर गिर गया। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो बच्चे घायल हो गए हैं।
मृतका की पहचान 32 वर्षीय फूलमनी, पति तालु तुड्डू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात फूलमनी अपने पति और चार बच्चों के साथ घर में सो रही थी। देर रात आए तेज अंधड़ के कारण घर के समीप स्थित एक भारी-भरकम आम का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर उनके मकान पर जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि फूलमनी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पास सो रहे दो बच्चे भी इस हादसे की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज भेज दिया है। घायल बच्चों को तुरंत बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
मृतका के पति तालु तुड्डू ने बताया कि रात को खाना खाकर पूरा परिवार सोया हुआ था, तभी कुदरत का यह कहर टूटा। इस घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे सताल इस्तमरार गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है।
