सारस न्यूज, किशनगंज।
बिहार दिवस के अवसर पर खगड़ा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जीविका द्वारा लगाए गए स्टॉल ने लोगों का खास ध्यान आकर्षित किया। दिनभर यहां लोगों की भीड़ उमड़ी रही और “दीदी की रसोई” के स्वादिष्ट व्यंजनों का सभी ने जमकर लुत्फ उठाया।
जिला पदाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा और अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार समेत कई अधिकारियों ने भी स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा तैयार व्यंजन और कॉफी का स्वाद चखा तथा उनके स्वाद और गुणवत्ता की सराहना की।
स्टॉल पर जीविका दीदियों द्वारा तैयार महानंदा लीफ चायपत्ती और पारंपरिक तरीके से ओखली में तैयार मसालों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी, जो लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इन उत्पादों की बिक्री भी अच्छी खासी हुई, जिससे दीदियों में उत्साह देखा गया।
जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) अनुराधा चंद्रा ने बिहार दिवस के अवसर पर सभी जीविका दीदियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि किशनगंज में 20 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 3 लाख से ज्यादा जीविका दीदियां स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं और प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान जीविका स्टॉल न केवल स्वाद का केंद्र बना, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का भी सशक्त उदाहरण पेश करता नजर आया।
