सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
नक्सलबाड़ी: सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी ब्लॉक के रानीगंज और बुढागंज इलाके के शुकारूजोत के निवासी 25 वर्षों से जर्जर सड़क की समस्या से परेशान होकर सड़कों पर उतर आए। स्थानीय लोगों ने बतासी हाटखोला में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बतासी हाटखोला से रानीगंज पानीशाली ग्राम पंचायत तक लगभग 500 मीटर की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है, जिससे आम लोगों को रोज़ाना आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस महत्वपूर्ण सड़क के किनारे बतासी शास्त्री उच्च माध्यमिक स्कूल, मनिका जोत प्राइमरी स्कूल, पंचायत कार्यालय, एसआई कार्यालय और ग्रामीण अस्पताल होने के बावजूद प्रशासन ने अब तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है।
बारिश के मौसम में सड़क पूरी तरह कीचड़ में बदल जाती है और लगभग चलने लायक नहीं रहती, जिससे छात्रों से लेकर मरीजों तक सभी को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आगामी चुनावों को देखते हुए गुस्साए स्थानीय लोगों ने “रोड नहीं तो वोट नहीं” का नारा लगाया और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी। करीब दो घंटे तक चले इस जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हुई।
सूचना मिलने पर खोरीबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में किया।
भाजपा जिला किसान मोर्चा के सचिव संजय मंडल ने कहा कि लोगों का यह गुस्सा स्वाभाविक है। विकास की मांग जायज़ है, लेकिन सड़क की स्थिति बेहद खराब है। वहीं, तृणमूल नेता ने बताया कि टीपू खोला से मार्केट होते हुए बुधसिंह तक सड़क निर्माण का टेंडर प्रोसेस पूरा हो चुका है। वित्तीय दिक्कतों के कारण अब तक आंशिक काम हुआ है, लेकिन उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव के तुरंत बाद शेष कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा।
