• Wed. Mar 25th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

किशनगंज में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, 9100 से अधिक सिलेंडर उपलब्ध: जिला प्रशासन।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

किशनगंज में एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से जारी है। जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि वर्तमान में जिले में 9100 से अधिक एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था फिर से नियमित रूप से संचालित हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसी तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। लाभुक घर से ही बुकिंग कर सकते हैं और पहले की तरह दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति उनके घर तक कर दी जाएगी।

प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्र के उपभोक्ता 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिनों के बाद पुनः गैस बुकिंग करा सकते हैं। यह समय-सीमा वितरण व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए निर्धारित की गई है।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित रूप से छापेमारी की जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या शिकायत सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा है। यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में कार्य कर रहा है। इसके लिए दूरभाष संख्या 06456-225152 जारी की गई है। प्रशासन के अनुसार आज एलपीजी गैस से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसका समय पर समाधान कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर ध्यान देने से बचें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में एलपीजी आपूर्ति पर्याप्त है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *