राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
जिला समाहरणालय और प्रसिद्ध देव घाट के तट पर बुधवार को ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ और ‘जल महोत्सव’ के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के आला अधिकारियों और युवाओं ने श्रमदान कर जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज की उपस्थिति में सामूहिक श्रमदान किया गया। इस दौरान समाहरणालय परिसर और नदी किनारों की सफाई की गई।
“जल अर्पण दिवस” के अवसर पर देव घाट पर वैदिक रीति-रिवाज और संकल्प के साथ जल अर्पण किया गया, जिसका उद्देश्य सामुदायिक जल प्रबंधन को सुदृढ़ करना है।
अधिकारियों ने स्वच्छता और जल संरक्षण पर आधारित विशेष पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों, स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं को गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की निर्मलता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
जिला प्रशासन का यह प्रयास “सुजल ग्राम” की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
जिला परियोजना पदाधिकारी मंसूर आलम ने बताया कि इस अभियान का नारा “गाँव का उत्सव, देश का महोत्सव” है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जल संसाधनों के प्रबंधन में जनभागीदारी अनिवार्य है। इस विशेष अभियान में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, ताकि स्वच्छता के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी बल मिले।
कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, वरीय उप समाहर्ता सुनीता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज सहित विभिन्न विभागों के कर्मी और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
